नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके स्थित कौशिक एन्क्लेव में सोमवार शाम चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत जमींदोज हो गई। तेज धमाके के साथ ही घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 12 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। इसके बाद खुद ही राहत और बचाव कार्य में जुट गए। खबर मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकल विभाग, आबदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस, निगम का दस्ता और कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंची। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।
घटना के समय इमारत में 10 से 15 लोग
घटना के समय इमारत में मजदूर और उनके परिवार के करीब 10 से 15 लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे चार लोगों को बाहर निकाल लिया और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं स्थानीय लोगों ने मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई है। बचाव दल मलबे में फंसे बाकी लोगों की तलाश में जुटा हुआ।
शाम करीब 7 बजे मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक जिस मकान में यह हादसा हुआ वह 200 गज में बना हुआ था। अभी पुलिस बचाव दल ने 10 लोगों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सोमवार शाम 6.56 बजे दमकल विभाग को कौशिक एन्क्लेव के ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के गिरने की सूचना मिली। खबर मिलते ही एक-एक कर दमकल की पांच गाड़ियां को मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारी के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि मलबे में फंसे चार को आसपास के लोगों ने बाहर निकाल लिया है। वहीं दमकल ने 14 साल और छह साल की दो बच्चों को मलबे से बाहर निकाल कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
लापरवाह लोगों को बख्शा नहीं जाएगा
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी देर रात घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह बहुत बड़ी लापरवाही है। एक नवनिर्मित चार मंजिला इमारत ढह गई है… जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।







