देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।
धामी ने कहा कि ‘डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आज उत्तराखंड कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, उद्योग, स्वरोजगार सहित अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि कुछ राजनीतिक ताकतें विकास पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का वातावरण बनाने लगी हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असमहति रखना सबका अधिकार है। लेकिन राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को भड़काना और अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना ये किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।’
सीएम ने आगे कहा ‘चुनाव परिणाम अनुकूल आए तो वही व्यवस्था सही हो जाती है। और चुनाव परिणाम उनके अनुकूल न आए तो ईवीएम दोषी हो जाता है। एसआईआर की प्रक्रिया, इलेक्शन कमीशन दोषी हो जाती है। ये दोहरा रवैया लोकतंत्र की प्रति ईमानदारी नहीं है। अब प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस बहकावे में आने वाली नहीं है। इनके ‘युवराज’ जब देश के हमारे महान सपूत हमारे उत्तराखंड की धरोहर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल जी का अपमान करते हैं तो इनके नेता चुप्पी साध लेते हैं। हमारे निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने वाले इनके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के नेता और राहुल गांधी के मित्र अखिलेश यादव उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताते हैं तब भी इनके मुंह से एक भी शब्द नहीं निकलता।’
‘गठबंधन ही पहली प्राथमिकता है’
धामी ने कहा ‘हम लोग अवैध रूप से भारत में आने वाले लोगों को घुसपैठिया बुलाते हैं और कांग्रेस के सहयोगी हम उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताते हैं। ये कैसी विडंबना है। इनके लिए उत्तराखंड का सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान नहीं बल्कि गठबंधन ही पहली प्राथमिकता है। कांग्रेस उत्तराखंड में पुरानी पेंशन योजना लागू करने के झूठे वादे कर रही है, उसे सबसे पहले उन राज्यों में अपनी सरकारों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।’
अमित शाह भी कार्यक्रम में हुए शामिल
आपको बता दें कि उत्तराखंड स्थापना दिवस के इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। उन्होंने भी जनसभा को संबोधित किया और धामी सरकार के 10 साल के विकास कार्यों का जिक्र कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। आपको बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा ने एक दूसरे पर सियासी हमले तेज कर दिए हैं।







