प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
वृंदावन : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज को समर्पित एक भक्ति गीत “तेरे प्रेम में पागल प्रेमानंद” रिलीज किया है, जो 19 जून को उनके यूट्यूब चैनल ‘खेसारी डिवोशनल’ पर जारी हुआ। इस गाने ने रिलीज के 24 घंटों के भीतर 9 लाख से अधिक व्यूज हासिल कर लिए, जिससे यह सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। गाने में खेसारी पीले वस्त्रों में भक्ति भाव में डूबे नजर आ रहे हैं, और वृंदावन धाम का खूबसूरत नजारा व प्रेमानंद जी महाराज का मुस्कुराता चेहरा दर्शकों को सुकून दे रहा है।
क्या हैं गाने की विशेषताएं ?
गाने का शीर्षक ‘तेरे प्रेम में पागल प्रेमानंद’ ये गाना रिलीज बीते 19 जून को हुआ। गीतकार मनोज मतलबी संगीतकार जयदीप वर्मा। गाने का थीम गाना प्रेमानंद जी महाराज की भक्ति, उनके आदर्शों और वाणी को दर्शाता है, जिसमें राधा-कृष्ण की भक्ति का भाव प्रमुख है।
प्रशंसकों की प्रतिक्रिया
फैंस ने इस गाने को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाया है। सोशल मीडिया पर कमेंट्स में लोग “राधे-राधे” लिखकर खेसारी की तारीफ कर रहे हैं। कुछ प्रशंसकों ने इसे भोजपुरी में अनूठा भक्ति गीत बताया, तो कुछ ने कहा कि यह गाना सुनकर “सुकून” मिलता है। एक फैन ने लिखा, “खेसारी भैया ने प्रेमानंद जी महाराज पर गाना बनाकर दिल खुश कर दिया।”
कौन हैं प्रेमानंद जी महाराज !
प्रेमानंद जी महाराज, जिनका असली नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे है, का जन्म 1969 में उत्तर प्रदेश के सरसौल गांव में हुआ था। 12 साल की उम्र में उन्होंने घर छोड़कर संन्यास ले लिया और अब वे वृंदावन में रहते हैं। वे श्रीराधा वल्लभ के भक्त हैं और उनके प्रवचन, खासकर कोरोना काल में वायरल हुए वीडियो, जीवन के गहरे संदेशों के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अनुष्का शर्मा, विराट कोहली, रवि किशन, पारस छाबड़ा और बी प्राक जैसे सेलिब्रिटी भी उनके दर्शन कर चुके हैं।
खेसारी का नया अवतार
खेसारी लाल यादव, जो आमतौर पर रोमांटिक, मस्ती भरे या इमोशनल गानों के लिए जाने जाते हैं, इस बार भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। गाने का पोस्टर उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, “कल आप सभी के भक्ति में झुमाए आ रहल बानी सुबह 6 बजे, जय श्री राधा कृष्ण।” पोस्टर में प्रेमानंद जी महाराज और राधा-कृष्ण की तस्वीरें भी शामिल हैं, जो गाने के भक्ति भाव को दर्शाती हैं।
खेसारी लाल यादव का यह भक्ति गीत न केवल उनके प्रशंसकों के लिए एक नया अनुभव है, बल्कि प्रेमानंद जी महाराज की शिक्षाओं और भक्ति को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का एक प्रयास भी है। गाना भोजपुरी सिनेमा में भक्ति विधा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है, और फैंस का उत्साह इसे और खास बना रहा है।
आप भी सुनिए ‘खेसारी डिवोशनल’ पर







