नई दिल्ली : आज गूगल भारतीय वैज्ञानिक कमला सोहोनी की 112वीं जयंती मना रहा है। इस खास मौके पर सोहोनी से जुड़ा डूडल भी बनाया गया है। गूगल ने कमला सोहोनी को सम्मान देने के लिए खास डूडल बनाया है, जिसके बाद हर तरफ उन्हीं की चर्चा हो रही है। ऐसे में चलिये जानते हैं कमला सोहोनी के बारे में…
कमला सोहोनी भारत की प्रमुख महिला वैज्ञानिकों में से एक थीं। आज सोहोनी का 112वां जन्मदिन है। ऐसे में एक रंगीन एनिमेटेड चित्रण के रूप में गूगल ने उनसे जुड़ा डूडल बनाया है। इसमें विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों को दिखाने के लिए माइक्रोस्कोप, वैज्ञानिक स्लाइड और उनके आसपास पौधों की तस्वीर दिखाई गई है।
वैज्ञानिक कमला सोहोनी प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलोर में प्रवेश पाने वाली भारत की पहली महिला थीं, जिसे देश का पहला संस्थान माना जाता है। सोहोनी पीएचडी करने वाली भी पहली भारतीय महिला बनीं। भारतीय विज्ञान में उनके उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धि का जश्न मनाते हुए गूगल ने लिखा- आज का डूडल इंडियन बायोकेमिस्ट कमला सोहोनी का जश्न मना रहा है।
डॉ. कमला सोहोनी भारत में सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत हैं। विज्ञान के क्षेत्र में उन्होंने काफी कुछ किया। लेकिन अधिकारियों को उनकी क्षमता पर शक था, क्योंकि वे एक महिला थीं। सामने खड़ी लैंगिक पूर्वाग्रह की चुनौतियों के बावजूद वे IISc की सर्वश्रेष्ठ छात्राओं में से एक बन गईं।
कमला सोहोनी ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक रिसर्च में छात्रवृत्ति हासिल की थी। उन्होंने यहां साइटोक्रोम सी की एक अहम रिसर्च की थी। ये सभी पौधों की कोशिकाओं में ऊर्जा के उत्पादन के लिए काफी जरूरी एंजाइम माना जाता है।







