तेल अवीव : कब्जे वाले क्षेत्रों में रहने वाले हजारों जायोनीवादियों के मोबाइल फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं। बताया जा रहा है कि इस मैसेज में उन लोगों के नाम और उनकी डिटेल भी थी, जिसने लोगों को डरा दिया है। मैसेज में लिखा था- ‘अगले हफ्ते तुम दफना दिए जाओगे।’
आपको बता दें कि इजरायल पर ईरान के संभावित हमले को लेकर दुनिया में पहले से ही डर बना हुआ है। इस बीच इस मैसेज ने इजरायलियों और भी अधिक परेशान कर दिया है।
इजरायल में डर का माहौल?
ईरानी मीडिया ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा है कि हानिया की हत्या के बाद जायोनी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। जायोनी खुफिया फोर्स भी अपने सहयोगियों की मदद से हमले के प्रकार, उद्देश्य और समय को जानने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले ईरानी मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में लिखा- ‘अधिकारियों का मानना है कि इस बार ईरान का हमला अचानक, बड़े पैमाने पर और लंबे समय तक चलने वाला हो सकता है। संभव है कि ये कई घंटों के बजाय कई दिनों तक चलने वाला होगा। यह हमला इराक, यमन, सीरिया और लेबनान में ईरानी सहयोगियों को शामिल करते हुए कई दिशाओं से एक साथ भी हो सकता है।’
ईरानी मीडिया के अनुसार, ऐसी भी आशंका है कि अमेरिकी समर्थन के साथ भी इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम बड़े पैमाने पर समन्वित हमले का पूरी तरह से मुकाबला करने में सक्षम नहीं हो सकता है। जॉर्डन और सऊदी अरब ने घोषणा की है कि वे नहीं चाहते कि उनका हवाई क्षेत्र युद्ध क्षेत्र में तब्दील हो। मिस्र ने कहा है कि वह उस सैन्य प्रतिक्रिया में भाग नहीं लेगा जो ईरानी हमले को विफल करने में भाग लेगी।
इजरायल की तैयारी कैसी?
इजरायल ईरान और हिजबुल्लाह के जवाबी हमलों के लिए कमर कस रहा है। उसने इस सप्ताह अपने लोगों को सुरक्षित कमरों में भोजन और पानी का भंडारण करने के लिए कहा है, जबकि अस्पताल मरीजों को अंडरग्राउंड वार्डों में ले जाने की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। इजरायली सरकार की सुरक्षा कैबिनेट गुरुवार, 8 अगस्त की रात को बुलाई गई थी। इस दौरान इस बात पर अटकलें जारी रहीं कि लेबनान में हिजबुल्लाह नेता और ईरान के दौरे के दौरान हमास के शीर्ष अधिकारी की हत्या पर देश के दुश्मन कैसे प्रतिक्रिया दे सकते हैं। मिडिल ईस्ट और अन्य जगहों पर राजनयिकों ने इस आशंका के बीच तनाव को कम करने की कोशिश की है कि गाजा पट्टी में चल रहा इजरायल-हमास युद्ध पूरे क्षेत्र में एक बड़े संघर्ष में बदल सकता है।







