नई दिल्ली। उत्तराखंड में इस साल चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी. 19 अप्रैल से होने जा रही है चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु घर बैठे वेबसाइट, मोबाइल ऐप या व्हाट्सएप के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
वैसे तो यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण का भी विकल्प मौजूद है. ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कुल 50 काउंटर बनाए गए हैं. लेकिन ऑनलाइन माध्यम से आप घर बैठे अपना रजिस्ट्रेशन आसानी से करा सकते हैं.
चारधाम यात्रा के लिए कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन?
- अगर आप वेबसाइट के जरिए रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं, तो सबसे पहले इसके ऑफिशियस वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाएं.
- वेबसाइट के होमपेज पर ‘Register/Sign In’ के विकल्प पर क्लिक करें और अपनी जानकारी (नाम, मोबाइल नंबर वगैरह) भरकर आईडी बनाएं.
- लॉग इन करने के बाद ‘Create/Manage Tour’ के विकल्प पर जाएं. यहां अपनी यात्रा की योजना (तारीख और कौन-कौन से धाम जाने हैं) दर्ज करें.
- ‘Add Pilgrim’ पर क्लिक करके सभी यात्रियों की डिटेल्स भरें. आपको अपना पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी वगैरह) अपलोड करना होगा.
- प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) जेनरेट होगा. इसके बाद आप अपना ‘यात्रा पंजीकरण पत्र’ डाउनलोड कर लें.
मोबाइल ऐप या व्हाट्सएप से भी करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के लिए यात्री मोबाइल ऐप ‘Tourist Care Uttarakhand’ डाउनलोड करके भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके अलावा, व्हाट्सएप मोबाइल नंबर 8394833833 पर मैसेज भेजकर भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है.
हेल्पलाइन नंबर भी मौजूद
यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए श्रद्धालु आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 पर संपर्क कर सकते हैं.
धड़ाधड़ रजिस्ट्रेशन करा रहे श्रद्धालु
पहले ही दिन शाम 5 बजे तक कुल 1 लाख 23 हजार 788 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया था और ये आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है.







