नई दिल्ली। मध्य जिला पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बीते वर्ष दिसंबर माह में विशेष अभियान आपरेशन ‘संकल्प’ चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने संगठित अपराध, साइबर ठगी और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का निपटारा, सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।
मध्य जिला के उपायुक्त निधिन वल्सन के मुताबिक, ऑपरेशन ‘संकल्प’ के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 175 आपराधिक मामलों को सुलझाया, जिनमें चोरी, झपटमारी, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और साइबर अपराध से जुड़े मामले शामिल रहे। खास तौर पर साइबर अपराध पर फोकस करते हुए पुलिस ने 85 साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया, जो आनलाइन ठगी, फर्जी काल, बैंकिंग धोखाधड़ी और डिजिटल माध्यमों से लोगों को निशाना बना रहे थे।
पूरे अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दिन-रात छापेमारी कर कुल 245 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें कई ऐसे बदमाश भी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे या बार-बार अपराध में संलिप्त पाए गए थे। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया।







