देहरादून: उत्तराखंड निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड के 1452 नेताओं पर कड़ा ऐक्शन लिया है। इन सभी पर तीन साल तक चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आयोग के अनुसार, इन नेताओं ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान खर्च का ब्योरा न दिया। बार-बार नोटिस पर भी जवाब नहीं आने पर ऐक्शन हुआ है। ये सभी नेता चमोली और बागेश्वर जिले के हैं।
दरअसल, पिछले साल हुए पंचायती चुनाव में विभिन्न पदों पर 60 हजार से ज्यादा लोगों ने नामांकन कराया था। अधिकांश पदों पर निर्विरोध चुनाव हो जाने की वजह से मुख्य मुकाबला 32 हजार 580 प्रत्याशियों के बीच सिमट गया था।
नेताओं ने कई बार नोटिस का जवाब नहीं दिया
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार पंचायत चुनाव के बाद प्रत्याशियों से चुनाव का खर्च का ब्योरा मांगा गया था। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कुल 1452 लोगों ने कोई जवाब ही नहीं दिया। आयोग के अनुसार इनमें चमोली के 826 और बागेश्वर में 630 नेता शामिल हैं।
कैबिनेट बैठक आज, कई अहम फैसले संभव
देहरादून। सचिवालय में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में उपनल, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़ी कैबिनेट की सब कमेटी की रिपोर्ट रखी जाएगी। कार्मिक, शिक्षा, कृषि, पर्यटन, आवास विभाग से जुड़े प्रस्तावों को भी बैठक में रखा जाएगा। कई विभागों के विधानसभा के पटल पर रखे जाने वाले प्रत्यावेदनों को मंजूरी दी जा सकती है।







