प्रकाश मेहरा
दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमलों की 25वीं बरसी पर हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि इन भयावह हमलों ने अनगिनत जिंदगियों को हमेशा के लिए बदल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “आतंकवाद ने दुनियाभर में अनगिनत लोगों की जान ली है। उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद का लंबे समय से सामना कर रहा भारत पिछले कई दशकों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहा है।”
उन्होंने कहा कि “आतंकवाद का खतरा लगातार अपना स्वरूप बदल रहा है, लेकिन आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों का विरोध करने के भारत के संकल्प में कोई बदलाव नहीं आया है। भारत इस गंभीर खतरे से निपटने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ा है।”
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से 9/11 हमलों की 25वीं बरसी पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि 25 साल बाद भी उन दर्दनाक हमलों में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया जा रहा है और उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। साथ ही, उन परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की जा रही है जिनकी जिंदगी इन हमलों के बाद हमेशा के लिए बदल गई।
2014 में 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम की यात्रा को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर वर्ष 2014 में अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान किए गए 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम के दौरे की कुछ तस्वीरें और झलकियां भी साझा कीं।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद का खतरा भले ही बदलता रहे, लेकिन इसके सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ खड़े होने का संकल्प अटल रहना चाहिए। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के इस गंभीर खतरे से निपटने के लिए किए जा रहे वैश्विक प्रयासों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की।







