देहरादून: उत्तराखंड में गर्मियों में पेयजल सप्लाई का संकट न खड़ा हो, इसके लिए जल संस्थान की ओर से जेनरेटर का इंतजाम किया जा रहा है। जल संस्थान को ऊर्जा निगम की बिजली सप्लाई पर भरोसा नहीं है। ऐसे में एहतियातन सभी डिवीजनों ने जेनरेटर के इंतजाम को कंपनियों से आवेदन मांगे हैं।
गर्मियों में पानी की सप्लाई सामान्य बनाए रखने को बिजली की अहम भूमिका रहती है। गर्मियों में सुबह और शाम के समय होने वाली बिजली कटौती का सीधा असर पेयजल सप्लाई पर पड़ता है। इस बार भी पेयजल सप्लाई बिजली कटौती के कारण बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर का इंतजाम किए जाने के जल संस्थान मैनेजमेंट की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग ने सभी डिवीजनों को पेयजल सप्लाई सामान्य बनाए रखने को हर संभव उपाय किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यालय के निर्देश मिलते ही सभी डिवीजनों ने जनरेटर का इंतजाम किए जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
सभी डिवीजनों के स्तर से अलग अलग जनरेटर का इंतजाम किया जा रहा है। पूर्व में जल संस्थान ने जो जनरेटर खरीदे थे, उनकी भी समय रहते मेंटनेंस पूरी की जा रही है। मोबाइल जनरेटर का भी इंतजाम कर रहे हैं।
जल संस्थान की सीजीएम नीलिमा गर्ग ने बताया कि पेयजल सप्लाई सामान्य बनाए रखने को हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली कटौती का असर पानी की सप्लाई पर न पड़े, इसके लिए समय रहते जेनरेटर का इंतजाम किया जा रहा है। सभी डिवीजनों को इंतजाम करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।







