नई दिल्ली। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में 7 रन के करीबी जीत दर्ज की। अब इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ रविवार यानी 8 मार्च को खेला जाएगा। अब अगर फाइनल में बारिश बाधा बनती है तो दोनों में से कौन टीम चैंपियन बनेगी और क्या फाइनल के लिए रिजर्व डे का प्रावधान है, आइए इसके बारे में आपको बताते हैं।
फाइनल के लिए रखा गया है रिजर्व डे
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए भी रिजर्व डे रखा हुआ है। 8 मार्च को फाइनल मुकाबले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा, और अगर ये मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाता है तो फिर 9 मार्च यानी सोमवार को ये मैच खेला जाएगा। यहां ये बात गौर करने वाली है कि अगर 8 मार्च को कुछ देर मैच खेला गया और उसके बाद बारिश हो गई तो फिर 9 मार्च को मैच वहीं से शुरू होगा। अगर 8 को बारिश की वजह से मैच नहीं हुआ तो 9 मार्च को इसे नए सिरे से खेला जाएगा।
फाइनल मैच में नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 10-10 ओवर का मैच खेलना जरूर होगा। हालांकि अन्य टी20आई मुकाबले में 5-5 में ही नतीजा निकल जाता है, लेकिन आईसीसी के वर्ल्ड कप नियम के मुताबिक फाइनल में कम से कम दोनों टीमों के लिए 10-10 ओवर खेलना जरूरी होता है।
अगर नहीं हुआ मैच तो दोनों टीमें बनेंगी संयुक्त विजेता
फाइनल मैच के लिए आईसीसी ने कट ऑफ टाइम के लिए 90 मिनट अतिरिक्त दिए हुए हैं। वहीं रिजर्व डे में कट ऑफ टाइम 120 मिनट होगा। वहीं रिजर्व डे के दिन भी बारिश आ जाती है तो मैच का नतीजा नहीं निकल पाता है तो दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि रविवार को अहमदाबाद में बारिश की संभावना ना के बराबर है और पूरा मैच खेले जाने की उम्मीद है।







