पटना: बिहार में अब इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी करने वाले जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में निशुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम की बुधवार को शुरुआत की। इसके तहत राजधानी के 10 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में जेईई और नीट की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग सुविधा शुरू कर दी गई है। इसमें पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को बड़े कोचिंग सेंटर जैसी सभी सुविधाएं दी जाएंगी। देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में पढ़ा चुके शिक्षक इनमें पढ़ाएंगे।
पटना के शास्त्री नगर स्थित बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को सीएम सम्राट के साथ शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अध्यक्ष त्यागराजन समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
155 स्कूलों में होगी सुविधा, अभी 518 स्टूडेंट पंजीकृत
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष त्यागराजन ने बताया कि 10 स्कूलों में मुफ्त कोचिंग सुविधा के लिए कुल 518 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें जेईई के लिए 266 और नीट की तैयारी के लिए 252 स्टूडेंट पंजीकृत हुए हैं। बिहार के सभी 155 मॉडल स्कूलों में आने वाले दिनों में जेईई, नीट की मुफ्त कोचिंग की सुविधा शुरू की जाएगी।
मुफ्त कोचिंग में स्मार्ट क्लास जैसी अन्य सुविधाएं-
- सभी क्लासरूम में एसी, डिजिटल स्मार्ट बोर्ड की सुविधा
- डाउट क्लियरिंग के लिए अलग से क्लास
- हाई क्वालिटी का स्टडी मटेरियल मुफ्त मिलेगा
- हर 15 दिन पर क्लास टेस्ट होगा
- ऐप के माध्यम से इंटरैक्टिव लर्निंग
बीएसईबी अध्यक्ष के अनुसार, हर मॉडल स्कूल में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स के 4 अलग-अलग शिक्षक होंगे। छात्राओं के लिए कोचिंग क्लास का समय शाम 6 बजे तक रहेगा, जबकि छात्रों के लिए यह टाइम 7 बजे तक है।
बता दें कि इसे पूर्व भी बिहार सरकार ने 11वीं कक्षा में मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी के लिए मुफ्त आवासीय कोचिंग की व्यवस्था की थी। आवासीय कोचिंग में अभी दो बैच चल रहे हैं। उसमें स्टूडेंट्स की मुफ्त पढ़ाई के साथ खाना-पीना और रहना भी फ्री रहता है।
पहले आवासीय कोचिंग की सुविधा सिर्फ पटना में थी। अब इन्हें सभी प्रमंडल मुख्यालयों- मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर और मुंगेर में भी खोल दिया गया है। इनके अलावा, अब हर मॉडल स्कूल में मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था हो गई है तो गरीब और जरूरतमंद छात्र-छात्राएं जेईई और नीट की तैयारी आसानी से कर सकेंगे।






