नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद स्वाति मालिवाल ने आम आदमी पार्टी छोड़ने और बीजेपी ज्वाइन करने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उन्होंने शनिवार को बताया कि मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है और मैं बीजेपी में शामिल हो गई हूं। 2006 से मैं अरविंद केजरीवाल के साथ काम कर रही थी। अपना घर छोड़ा, नौकरी छोड़ी, 7 साल झुग्गियों में रही और हर आंदोलन में उनका साथ दिया। पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया।
स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल को घेरा
AAP छोड़ने की वजह का खुलासा करते हुए स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल को जमकर सुनाया। उन्होंने आगे कहा कि जब मैंने अपने ऊपर हुए सलूक को लेकर आवाज उठाई तो मुझे डराया, धमकाया गया। इसके चलते 2 साल में मुझे एक बार भी पार्टी के समय से संसद में बोलने का मौका नहीं दिया गया।
अरविंद केजरीवाल महिला विरोधी हैं, वे देश में झूठ, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं। वे पंजाब की सरकार को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं। पंजाब को इन्होंने अपना निजी ATM बना दिया है। रेत खनन, नशीली दवाओं का उपयोग पंजाब में चरम पर है। सब कुछ इनकी शह के नीचे हो रहा है।
बीजेपी ने क्यों किया ज्वाइन, मालीवाल ने बताया
स्वाति मालीवाल ने बीजेपी क्यों ज्वाइन की इसकी वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि मैं मानती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ देश में बल्कि विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं चाहे वह ऑपरेशन सिंदूर हो, देश से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म करना हो, या महिला आरक्षण बिल संसद में लाना हो। मैं किसी मजबूरी में बीजेपी में शामिल नहीं हो रही, मैं इसलिए बीजेपी में शामिल हो रही हूं क्योंकि मैं दिल से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास करती हूं।
स्वाति मालीवाल ने पूरे मामले पर तोड़ी चुप्पी
आम आदमी पार्टी में आई इस फूट के बीच स्वाति मालीवाल ने उस समय एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मैं भी पार्टी छोड़ रही हूं। जल्द ही इस पर विस्तार से बातचीत करूंगी। इसी के बाद उन्होंने शनिवार को पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने बताया कि कैसे आम आदमी पार्टी में उनके साथ व्यवहार हो रहा था। इसी से नाराज होकर उन्होंने AAP छोड़ने का निर्णय लिया।







