नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुरक्षाबलों ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट को मार गिराया। इसके अलावा 2 और आतंकवादी ढेर किए गए हैं। कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने रविवार को मीर बाजार के पास घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। यह ऑपरेशन संयुक्त सुरक्षा बलों की ओर से चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल इलाके में उन हमलावरों की तलाश में थे, जिन्होंने 11 नवंबर को सीआरपीएफ के जवानों पर गोलीबारी की थी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले में नाके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई थी। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सीआरपीएफ ने बयान जारी कर बताया था कि घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास वन क्षेत्र में रविवार देर रात संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि सावजियां सेक्टर के कनारी इलाके में सीमा की सुरक्षा में तैनात सतर्क जवानों ने देर रात करीब डेढ़ बजे संदिग्ध गतिविधि देखी। उन्होंने बताया कि जवानों ने सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की किसी भी संभावित कोशिश को नाकाम करने के लिए छोटे हथियारों से करीब 24 गोलियां चलाईं और इलाके की घेराबंदी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि सुबह उजाला होते ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया, जो ताजा जानकारी मिलने तक जारी था।
सेना पूरी तरह से अलर्ट
हिमपात से पहले सुरक्षा बलों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में एडीजी संदीप खीरवार ने कहा कि सुरक्षा बल ने पिछले वर्षों के अनुभवों से सीखा है। उन्होंने कहा, ‘हम समझते हैं कि मौसम में बदलाव हर साल होता है। हम अपनी सभी एजेंसियों, सभी सुरक्षा बलों, प्रशासन, सरकार और जम्मू कश्मीर की जनता के साथ मिलकर काम करते हैं। हम संभावित परिस्थितियों का पहले से अनुमान लगाते हैं और उन बदलावों के अनुरूप कार्रवाई करते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे सामने आने वाली सभी चुनौतियों से निपटने में हम सक्षम होंगे।’ खीरवार ने कहा कि अगर शांति और स्थिरता बनी रहेगी तो जम्मू कश्मीर के लोग और देश समृद्ध हो सकेंगे।







