नई दिल्ली। तेल की सप्लाई रुक रही, अब कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं. अमेरिका और इजरायल के हमले से गुस्साए ईरान ने चौतरफा हमले शुरू कर दिए हैं. फारस की खाड़ी के पास से तेल की सप्लाई बाधित हो गई है. एक्सपर्ट मान रहे हैं कि कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकता है. हालांकि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या करने के बाद ट्रंप ने तेल की कीमतों को लेकर अब चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है.
उन्होंने तेल के दाम बढ़ने को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर कहा है कि मैंने जो कुछ किया, उसके लिए मुझे इतनी तारीफ कभी नहीं मिली इसलिए कुछ समय के लिए तेल की कीमतें ज्यादा रह सकती हैं लेकिन जैसे ही यह खत्म होगा, ये कीमतें गिर जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि मेरा मानना है कि पहले से भी कम कीमतें हो जाएंगी.
ट्रंप ने वैसे यह नहीं बताया कि रेट कम कैसे होंगे. उनका इशारा यह है कि लड़ाई रुकते ही तेल के दाम घटेंगे लेकिन कब? डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, ‘अगर हमने वो नहीं किया होता जो हम अभी कर रहे हैं, तो परमाणु युद्ध होता और वे (ईरानी शासन) कई देशों को खत्म कर देते क्योंकि आप जानते हैं वे बीमार लोग हैं. वे मानसिक रूप से बीमार हैं, बीमार लोग हैं. वे गुस्से में हैं. वे पागल हैं. वे बीमार हैं.’
भारत की टेंशन
हां, अगर अमेरिकी हमले के बाद ईरान का इंतकाम लंबा खिंचता है तो भारत की टेंशन जरूर बढ़ सकती है. इसकी वजह ईरान के करीब वाला होर्मूज जलडमरूमध्य है जहां से क्रूड ऑयल लेकर शिप गुजरते हैं. हालांकि सरकारी सूत्रों ने कहा है कि इस रास्ते से भारत के क्रूड ऑयल इंपोर्ट का केवल 40 प्रतिशत ही आता है. फिर भी असर तो पड़ेगा ही. अभी सरकार की तरफ से संकेत दिए गए हैं कि तेल के दाम नहीं बढ़ेंगे लेकिन सवाल है कि कब तक? ऐसे में दुनिया के सभी देश चाहते हैं कि जंग रुके और स्थिति सामान्य हो.
ईरान के ताबड़तोड़ जवाबी हमले को देखते हुए उसके करीब होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले शिप न के बराबर हो गए हैं. 28 फरवरी से ही शिप रोक दिए गए थे और 2 मार्च तक पूरी तरह से रास्ता खाली हो गया.
भारत में तेल की स्थिति
- भारत 50 दिन तक तेल का काम चला सकता है.
- अच्छी बात यह है कि कम ही सही, भारत अब भी रूस से क्रूड ऑयल खरीद रहा है.
- क्रू़ड ऑयल के दाम अगले 10-15 दिन में बढ़ सकते हैं. इसका असर आम आदमी पर भी पड़ सकता है.
- एलएनजी सप्लाई की बात करें तो भारत 20-22 दिन तक आराम से काम चला सकता है लेकिन लड़ाई लंबी चली तो मुश्किल होगी.







