नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस की तैयारी की जा रही है। 15 अगस्त की तैयारियों के मद्देनजर कल यानी रविवार को कई सड़कें बंद रहेंगी। बता दें कि रविवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल होना है। ऐसे में दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को एक एडवाइजरी जारी है। इसके मुताबिक, कल आठ सड़कें बंद रहेंगी।
आठ सड़कें बंद
दिल्ली का नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसकी लिंक रोड, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड, और आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड, ये आठ सड़कें रविवार को बंद रहेंगी। एडवाइजरी के मुताबिक, ये रास्ते रविवार को सुबह 4 बजे से 11 बजे (4 am to 11 am) तक आम जनता के लिए बंद रहेंगे।
पार्किंग लेबल नहीं है तो मत जाएं यहां
एडवाइजरी के मुताबिक, जिन वाहनों पर रिहर्सल के लिए पार्किंग लेबल नहीं है उन्हें सी-हेक्सागोन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए प्वाइंट तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन खट्टा और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड, निज़ामुद्दीन खट्टा से सलीमगढ़ बाईपास के माध्यम से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक बाहरी रिंग रोड, पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए क्या करें?
दिल्ली यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली या दक्षिणी से उत्तरी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और रानी झांसी रोड के वैकल्पिक मार्गों को लेना होगा।
एडवाइजरी के मुताबिक, 12 अगस्त की मध्यरात्रि से 13 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन और वजीराबाद पुलों के बीच माल वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि के दौरान महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।







