नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह से देश से जा चुका है, लेकिन उत्तर-पूर्वी मॉनसून एक्टिव है। इसकी वजह से कई राज्यों में भारी बारिश होने जा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर 23 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके अलावा, 17 और 20 अक्टूबर को तमिलनाडु, 27 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में बहुत भारी बारिश होगी। उत्तर-पूर्वी मॉनसून को लौटता हुआ मॉनसून भी कहा जाता है।
17-23 अक्टूबर (7 दिन)) के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, 17-18 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में काफी भारी बारिश होगी। 17-23 अक्टूबर के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, 19-23 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में बारिश होगी। 17 अक्टूबर को केरल और माहे, लक्षद्वीप, 17 और 18 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में आंधी तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 17-21 अक्टूबर के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, 19-21 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, 17-22 अक्टूबर के दौरान तेलंगाना में तेज हवाएं चलेंगी।
वहीं, 18-19 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, 18-21 अक्टूबर के दौरान केरल, माहे और लक्षद्वीप में, 17-21 अक्टूबर के दौरान तटीय कर्नाटक में आंधी तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। 17-21 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में तेज सतही हवाएं चलेंगी।
इसके अलावा, पश्चिम भारत की बात करें तो 17-19 अक्टूबर के दौरान कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, 17-20 अक्टूबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में कहीं कहीं आंधी तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने वाली है। इस हफ्ते उत्तर पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला है।







