नई दिल्ली। क्रिस गेल, क्रिकेट जगत का वो नाम जो जुबान पर आते ही आंखों के सामने रिकॉर्डलिस्ट खुलकर सामने आ जाती है. सबसे ज्यादा छक्के और टी20 में 175 रन के असंभव रिकॉर्ड से हर कोई वाकिफ है, लेकिन हम आपको गेल के ऐसे रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं जो दुनिया का सबसे बड़ा करिश्मा लगता है. क्रिकेट की दुनिया में गेल का कद सिर्फ उन रनों तक सीमित नहीं है. गेल ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसा हिमालय खड़ा किया है. जिसकी ऊंचाई के सामने आज के बड़े-बड़े सूरमा भी बौने नजर आते हैं.
सचिन के 100 शतकों जैसा रिकॉर्ड
हम जिस रिकॉर्ड के बारे में आपको बताने जा रहे हैं, यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों की तरह ही ‘अमर’ और ‘अटूट’ माना जा रहा है. क्रिस गेल को ‘यूनिवर्स बॉस’ का टैग यूं ही नहीं मिला बल्कि गेल ने टी20 फॉर्मेट में ऐसे रिकॉर्ड कायम कर दिए जिससे उन्होंने इस फॉर्मेट की परिभाषा ही बदल दी. स्ट्राइक रेट, सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा मैच या फिर एक मैच में सबसे ज्यादा टोटल के रिकॉर्ड को किनारे रखें तो एक ऐसा भी रिकॉर्ड है, जिसका टूटना नामुमकिन नजर आता है.
क्या है गेल का सबसे बड़ा करिश्मा?
हम गेल के जिस अजूबे की बात कर रहे हैं वो टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने का है. ये कारनामा उन्होंने इतने कम मैचों में कर दिखाया कि कोई भी गेल के आस-पास भी नजर नहीं आता है. एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड जिसे तोड़ना फिलहाल किसी के बस की बात नहीं दिखती. गेल ने अपने पूरे टी20 करियर में कुल 60 बार मैच विनिंग प्रदर्शन कर ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब जीता है. यह आंकड़ा दुनिया के किसी भी अन्य खिलाड़ी के मुकाबले बहुत आगे है.
सचिन के 100 शतकों जैसी साख
जैसे क्रिकेट जगत में सचिन के 100 शतकों को एक ऐसा रिकॉर्ड माना जाता है जिसे छूना लगभग नामुमकिन है. ठीक वैसा ही दबदबा गेल के इस रिकॉर्ड का है. गेल ने 60 प्लेयर ऑफ द मैच महज 463 मैच में जीते. जो भी खिलाड़ी क्रिस गेल के आस-पास है वो उनसे ज्यादा मुकाबले खेल चुके हैं. मैच के लिहाज से देखें तो बड़े-बड़े धुरंधर खिलाड़ी गेल से कोसों पीछे हैं.







