नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी ऑटो आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। यानी अब अमेरिका आने वाली कारों और कारों के पार्ट्स पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि नया टैरिफ 2 अप्रैल 2025 से लागू हो जाएगा। वहीं कारों के पार्ट्स पर यह टैरिफ मई या इसके बाद शुरू होंगे।
ट्रंप ने दावा किया है कि उनके इस कदम से कार इंडस्ट्री में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। डोनाल्ड ट्रंप के 25% ऑटो टैरिफ से टाटा मोटर्स, आयशर मोटर्स, सोना बीएलडब्ल्यू और संवर्धन मदरसन जैसी भारतीय कंपनियां प्रभावित होंगी। 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत की टाटा मोटर्स और देश की ऑटो पार्ट्स निर्माता कंपनियां, जो टेस्ला सहित अन्य को आपूर्ति करती हैं, उनके शेयर भी गिर गए हैं।
जगुआर लैंड रोवर पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर!
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, ये कंपनियां यूरोप, जापान, दक्षिण कोरिया और चीन को ऑटो कलपुर्जे निर्यात करती हैं, जो अमेरिका को वाहन की आपूर्ति करते हैं। टाटा मोटर्स का अमेरिका को सीधे तौर पर निर्यात नहीं करता है। लेकिन इसकी सहायक कंपनी (सिस्टर कंपनी) जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) की अमेरिकी बाजार में मजबूत पकड़ है।
जेएलआर की वित्त वर्ष 24 की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में इसकी कुल बिक्री का 22 प्रतिशत हिस्सा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 24 में, जेएलआर ने दुनिया भर में लगभग 400,000 वाहन बेचे, जिसमें अमेरिका इसके टॉप मार्केट में से एक था।







