नई दिल्ली। हाल ही में एक बातचीत के दौरान अन्नू कपूर ने दिवंगत अभिनेता ओम पुरी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने एक तरफ जहां ओम पुरी को बेहतरीन अभिनेता बताया, वहीं दूसरी तरफ उन पर अपनी बहन की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप भी लगाया।
ओम पूरी ने की थी अन्नू कपूर की बहन से शादी
अन्नू कपूर की बहन सीमा कपूर की शादी ओम पुरी से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों में यह रिश्ता टूट गया। वजह यह थी कि सीमा को पता चला कि ओम पुरी ने उन्हें धोखा दिया है। हालांकि, बाद में जब ओम पुरी अपनी जिंदगी के आखिरी दौर में थे, तब दोनों फिर से जुड़े।
उन्होंने मेरी बहन को धोखा दिया
अन्नू कपूर ने कहा, ‘ओम पुरी एक शानदार अभिनेता थे। उनके जैसा कोई बड़ा अभिनेता नहीं था, लेकिन वो अलग बात है। वो किसी के पति बने और पति बनने के बाद उन्होंने एक महिला को धोखा दिया। यहीं से सब गलत हो गया, और मैं उसी महिला का भाई हूं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘वो 10 साल पहले ही चले जाते, मेरी बहन ने उनका ख्याल रखा। जब उनका शरीर कमजोर और नाज़ुक हो गया, तब वो वापस आए। मैं अपनी बहन से भी नाराज और दुखी था।’
मेरी बहन की जिंदगी बर्बाद हो गई
अन्नू कपूर ने कहा कि अब उन्होंने पुरानी बातों को पीछे छोड़ दिया है। ‘आज ओम पुरी साहब नहीं हैं, उनका बेटा है। मैं आज भी उनके बेटे और उनकी एक्स-वाइफ नंदिता के लिए भगवान से दुआ करता हूं। मुझे किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन अफसोस है कि मेरी बहन सीमा कपूर की जिंदगी बर्बाद हो गई, उनके पास कोई सहारा नहीं है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मैं उन बातों को बताने लगूं, तो मामला बिगड़ जाएगा, क्योंकि मेरे अंदर का भाई सामने आ जाएगा। ओम पुरी मुझसे डरते भी थे, क्योंकि मैं साफ-साफ बोलता हूं। मुझे डर नहीं लगता। मैं बेबस था, मैं कुछ कर नहीं सका।’ बता देंं कि एक्टर ओम पुरी का निधन 2017 में हुआ था।







