नई दिल्ली : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार किसानों की आय को दोगुना (Farmers Double Income) करने के लिए कई योजनाएं चला रही है. केंद्र के इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath Government) ने भी राज्य के खेतीहरों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं. इन्हीं में एक स्कीम यूपी किसान उदय योजना 2023 (UP Kisan Uday Yojana 2023) है.
इसके तहत राज्य सरकार किसानों को दो सोलर पंप मुफ्त (Free Solar Pump Scheme) दे रही है. इससे किसानों को सिंचाई पर खर्च होने वाले महंगे डीजल (Diesel Price Hike) से छुटकारा मिल जाएगा. यही नहीं, यूपी सरकार 5 साल तक इन सोलर पंप के रखरखाव का जिम्मा भी उठाएगी. आइए जानते हैं किसानों के बड़े फायदे वाली इस योजना के बारे में सबकुछ.
योगी सरकार ने साल 2022 के अंत तक 10 लाख किसानों को मुफ्त सोलर पंप मुहैया कराने का लक्ष्य रखा है. दूसरे शब्दों में कहें तो किसानों के पास इस योजना का फायदा उठाने के लिए महज 17 दिन बचे हैं. अगर आप भी उत्तर प्रदेश में रहते हैं और किसान हैं तो हम आपको बताएंगे कि आप यूपी किसान उदय योजना का फायदा कैसे उठा सकते हैं. किसान इस योजना का फायदा लेने के लिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस योजना के दो सबसे बड़े फायदे हैं. पहला, सिंचाई के लिए महंगे डीजल से छुटकारा और दूसरा बिजली बिल का कम भुगतान.







