नई दिल्ली। मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व में दिल्ली की नई सरकार ने कार्यभार संभाल लिया है। दिल्ली में अगले साल फरवरी में चुनाव होने हैं। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि चार महीनों में नई सरकार सभी लंबित कामों को पूरा करने की कोशिश करेगी। इसमें महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिए जाने वाली स्कीम को लागू करना भी शामिल है। इस बारे में जब कैलाश गहलोत से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि यह स्कीम विधानसभा चुनावों से पहले लागू की जाएगी।
आम आदमी पार्टी के नेता एवं नजफगढ़ से विधायक कैलाश गहलोत ने मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में परिवहन, गृह, प्रशासनिक सुधार और महिला एवं बाल विकास मंत्री के रूप में मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, 18 साल से ऊपर की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिए जाने वाली स्कीम को चुनाव से पहले लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए बजट का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। अब प्रस्ताव को जल्द फाइनल कर लिया जाएगा और फिर केबिनेट के पास भेजा जाएगा।
खुद को बताया केजरीवाल का हनुमान
कैलाश गहलोत ने खुद को अरविंद केजरीवाल का हनुमान बताते हुए कहा, मेरी प्राथमिकता सभी लंबित कार्यों को पूरा करना है और यह सुनिश्चित करना है कि अरविंद केजरीवाल फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री बनें। वहीं आतिशी के द्वारा सीएम कुर्सी को खाली छोड़ने पर बीजेपी के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए कैलाश गहलोत ने कहा, इसका मतलब यह है कि जब भगवान राम 14 साल के लिए वनवास गए और भरत को कमान संभालनी पड़ी, तो यह भी गलत था। जिसका मतलब है कि बीजेपी भगवान राम के खिलाफ है। उन्होंने कहा, बड़ों का सम्मान करना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
कार्यभार संभालने के बाद गहलोत ने कहा, मेरा एकमात्र लक्ष्य पहले की तरह दिल्ली की जनता के लिए काम करना और हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है। मुख्यमंत्री आतिशी और उनके तीन मंत्रियों गोपाल राय, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने सोमवार को अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाला था। उपराज्यपाल वी के सक्सेना द्वारा मुख्यमंत्री और उनकी मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाए जाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को कार्यभार संभाला था। गहलोत ने उम्मीद जताई कि फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में केजरीवाल फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।







