पटना। बिहार में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई नीतियां ला रही है. बिहार को उत्तर भारत का औद्योगिक हब बनाने की तैयारी है. ऐसे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्योग को लेकर केंद्र सरकार से आग्रह किया है. बुधवार को मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की. उन्होंने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली में किन योजनाओं पर चर्चा की, इसकी जानकारी दी.
भाव्या योजना के तहत विकसित होगा कॉरिडोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में 5 नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जाने के बारे में बताया. उन्होंने कहा, गया में भाव्या योजना के माध्यम से इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है. इसी तर्ज पर बिहार में पांच अन्य जगहों पर भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने का आग्रह किया गया है. मुजफ्फरपुर और दरभंगा का प्रस्ताव भारत सरकार को दिया जा चुका हैं.
मुख्यमंत्री ने जताया ये विश्वास
आगे सीएम ने विश्वास जताते हुए कहा कि इन प्रस्तावों पर जल्द स्वीकृति मिलेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि बिहार में लगभग 13 हजार एकड़ जमीन उद्योगों के लिए उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है. अब तक 1,000 से अधिक उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है. आगे और अधिक निवेशकों और उद्यमियों को इस पहल से जोड़ा जाएगा.
बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास, बेहतर आधारभूत संरचना, बाढ़ नियंत्रण, पर्यटन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा. इन महत्वपूर्ण पहलों के लिए बिहार की जनता की ओर से प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का हार्दिक आभार.
दिल्ली से लौटने के बाद पूर्व सीएम से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को दिल्ली दौरे से पटना लौटे. इसके बाद उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार को बधाई दी और कहा कि आपकी ओर से बिहार के विकास और सुशासन के लिए किए गए कार्यों और सपनों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.







