नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखपुर में युवाओं के रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 30 साल से बंद खाद कारखाने समेत कई संस्थान पहले बंद पड़े थे, लेकिन अब यूपी में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं. गोरखपुर आज इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित हो रहा है.
गोरखपुर के विकास का किया जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि पहले गोरखपुर में खाद का कारखाना करीब 30 साल तक बंद रहा. इसके अलावा कई संस्थान भी बंद पड़े थे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी-एनडीए सरकार ने प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं पैदा की हैं. अब युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं.
एम्स और नए एजुकेशन इंस्टीट्यूट का किया उल्लेख
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर में एम्स जैसे बड़े संस्थान की स्थापना हुई है. नए शैक्षणिक संस्थान खुल रहे हैं और उद्योगों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन बदलावों से गोरखपुर की पहचान अब एक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है.
युवाओं को लेकर कही ये बात
नितिन नवीन ने कहा कि जब युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलते हैं, तो उनका भरोसा विकास की राजनीति पर बढ़ता है. उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा नए अवसरों और नए स्वरूप वाले भारत के साथ आगे बढ़ेगा.
30 साल से बंद खाद कारखाने का क्या है इतिहास?
गोरखपुर का पुराना खाद कारखाना 1968 में स्थापित किया गया था. वर्ष 1990 में हादसे के बाद इसे बंद कर दिया गया. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जुलाई 2016 को गोरखपुर में नए खाद कारखाने की आधारशिला रखी. पुराने कारखाने की जगह हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) ने नया संयंत्र स्थापित किया. 7 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया.







