तुर्की और सीरिया के सीमावर्ती इलाके में सोमवार सुबह को एक के बाद एक तीन भीषण भूकंप के झटकों ने हजारों लोगों की जान ले ली है। इस भूकंप में अभी तक 5,021 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि 16000 से अधिक लोग घायल हैं। तुर्की में आए भूकंप का असर सीरिया तक पड़ा है और सीरिया के कई इलाकों में मकानों के गिरने की खबर है। तुर्की में अब तक 3,419 लोगों की मौत इस हादसे में हुई है वहीं सीरिया में 1,602 लोग मरे हैं।
आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी की ओर से कहा गया है कि तुर्की में लगभग 9700 बचाव कर्मी क्षेत्र में काम कर रहे हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्री कोका ने कहा कि पर्याप्त संख्या में टीमें आपदा क्षेत्रों में काम कर रही हैं और उनकी खोज और बचाव और स्वास्थ्य सेवाएं जारी हैं। राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने कहा कि कई दक्षिणी प्रांतों में भूकंप आने के बाद देश में 7 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।
मरने वाले लोगों की संख्या 5,000 के पार
तुर्की के उप-राष्ट्रपति ने कहा है कि देश में भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या का आंकड़ा अब 3,419 पहुंच गया है। ऐसे में तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वाले लोगों की कुल संख्या 5,021 हो गई है।







