प्रयागराज : एसडीएम ज्योति मौर्या और उनके पति का विवाद सोशल मीडिया में लगातार ट्रेंड कर रहा है. ऐसे में ज्योति के पति का नया बयान एक बार सुर्खियों में है. पत्नी पर लगतार आरोप लगाने वाले आलोक अब समझौता करने के लिए तैयार हो गए हैं. उनका कहना है कि बच्चों के ख़ातिर वह रिश्ता आगे निभाने के लिए तैयार हैं.
इस प्रकरण से समाज में कोई भी गलत संदेश ना जाए, आलोक मौर्य ने साफ और स्पष्ट शब्दों में यह संदेश दिया है. दरअसल,प्रयागराज की देवप्रयागम कॉलोनी झलवा में रहने वाली ज्योति मौर्या ने धूमनगंज थाने में पति आलोक मौर्य समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करवाया है. मामले की जांच में विवेचक ने एसडीएम ज्योति मौर्या और अन्य का पक्ष ले लिया है. वहीं पति आलोक समेत उनके परिजनों का पक्ष लेना बाकी है.
धूमनगंज थाने में दर्ज है मुकदमा
एसडीएम ज्योति मौर्या की तरफ से यह आरोप लगाया गया है कि आलोक और उनके परिवार वाले फॉर्च्यूनर कार की मांग कर रहे थे. वहीं ब्लैकमेलिंग समेत अन्य मामले भी दर्ज किए गए हैं. जल्दी ही आलोक अपना बयान पुलिस थाने में जाकर दर्ज करवाएंगे. धूमनगंज थाने से उनका बुलावा भी आ चुका है.







