नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए का कुनबा बढ़ना तय माना जा रहा है। यूपी में बीजेपी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने चुकी है। वहीं, भगवा पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए तेलुगू देशम पार्टी और पंजाब में शिरोमणि अकाली दल नेतृत्व के साथ भी सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने जयंत चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोकदल को यूपी में बिजनौर और बागपत लोकसभा सीटों की पेशकश की है।
जयंत ने स्वीकार किया निमंत्रण
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा जहां बिजनौर में बसपा से हार गई थी, वहीं उसने बागपत सीट जीत ली थी। चौधरी बागपत से राष्ट्रीय लोक दल के उम्मीदवार थे। गठबंधन की सुगबुगाहट के बीच रालोद ने भी 11 फरवरी को अयोध्या आने के यूपी सरकार के निमंत्रण को स्वीकार करने का फैसला किया है। संबंधित घटनाक्रम में, टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की है।
टीडीपी सुप्रीमो की शाह से मुलाकात
माना जा रहा है कि उन्होंने गठबंधन पर बातचीत की। इस बीच, वाईएसआरसीपी के तीन सांसदों ने अपनी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और टीडीपी में शामिल होने के लिए तैयार हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता भी भगवा पार्टी के सबसे पुराने सहयोगी शिअद के साथ चर्चा में लगे हुए हैं। सूत्रों ने कहा कि पंजाब में भाजपा की राज्य इकाई भी अकाली दल के साथ गठबंधन के पक्ष में है। हाल ही में, पंजाब स्थित पार्टी ने एक साथ चुनाव के विचार का समर्थन किया था।
इंडिया गठबंधन की मुश्किल
एनडीए के मजबूत होने से इंडिया गठबंधन के लिए लोकसभा चुनाव में जीत की राह मुश्किल होती जाएगी। इंडिया गठबंधन में पिछले दो महीनों से सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। हालांकि, कांग्रेस का क्षेत्रीय दलों के साथ सीटों पर तालमेल की दिशा में अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकलता दिख रहा है। माना जा रहा है कि मार्च के मध्य तक आम चुनावों की घोषणा हो सकती है।







