नई दिल्ली। सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को सभी संबंधित अधिकारियों, विभागों और संगठनों को राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय महानायकों की मूर्तियों के सम्मानजनक तरीके से रखरखाव के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज और देश के महानायकों की मूर्तियां हमारे गौरवशाली इतिहास संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। इसका सम्मानजनक रखरखाव न केवल हमारा कर्तव्य है, बल्कि आने वाली पीढियों के लिए देशभक्ति और प्रेरणा का स्रोत भी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इन प्रतीकों का आदर करें और उनके संरक्षण में योगदान दें। पिछले सरकार ने दिल्ली में राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय नायकों की मूर्तियां तो लगवाई लेकिन उनके रखरखाव पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया। उनके उचित रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों विभागों और संगठनों को निर्देश जारी किए गए हैं। सभी विभागों को निर्देशित निर्देश दिया गया है कि यदि कोई मूर्ति क्षतिग्रस्त या जर्जर हो गई है, तो उसकी सम्मानपूर्वक मरम्मत की जाए या उसे आवश्यकता अनुसार प्रतिस्थापित किया जाए।

इस संबंध में एक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है और 30 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया की दिल्ली सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की भावना को बढ़ावा देना और उन्हें सुरक्षित करने के लिए हर संभव प्रयास करना है। यह पहल सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और राष्ट्रीय गौरव को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।







