प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
जयपुर। प्रदेश में लगातार हो रही जबरन तथा अवैध धर्मांतरण की घटनाओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में सम्मिलित विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजाराम, क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय सहित प्रांत पदाधिकारीगण परमेश्वर, सुंदर कटारिया, राधेश्याम गौतम एवं विवेक दिवाकर ने राज्य सरकार से अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध कठोरतम कानून बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि “प्रदेश के हर शहर-कस्बे में धर्मांतरण के षडयंत्र को सुनियोजित तरीके से फैलाया जा रहा है। हमारे देवी देवताओं और संस्कृति के विरुद्ध विष वमन आम हो चला है तथा लालच, झूठ, प्रलोभन, इलाज के मिथ्या दावों के जरिए आम लोगों को बहलाया जा रहा है। इससे न केवल हिंदुओं की आस्था को चोट पहुंचती है बल्कि अवैध धर्मांतरण देश की एकता और अखंडता के लिए भी बहुत बड़ा खतरा है।
विश्व हिंदू परिषद ने प्रदेश के जनजाति बहुल इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि धर्मांतरण के कारण जनजातीय समाज की अनूठी परंपराओं पर भी अस्तित्व का संकट आ खड़ा हुआ है। इसलिए धर्मांतरण के विरुद्ध कठोर कानून न केवल हिंदू समाज, भारतीय संस्कृति, जनजातीय अस्मिता की रक्षा बल्कि देश की अखंडता के लिए भी अनिवार्य है।







