अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम सीरीज के पांचवें टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका का सामना कर रही है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। हालांकि एक तेज तर्रार पारी खेलने के बाद अभिषेक आउट हो गए और इसमें मैदानी अंपायर का भी बड़ा रोल रहा।
बिना अपील के खड़ी कर दी उंगली
अभिषेक शर्मा 21 गेंद पर 34 रन बनाने के बाद आउट हो गए। कॉर्बिन बॉश की एक शॉर्ट पिच गेंद को अभिषेक ने पुल मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स पर लगकर पीछे खड़े कीपर क्विंटन डीकॉक के हाथों में चली गई। हालांकि इसके बाद अफ्रीकी टीम ज्यादा उत्सुक नजर नहीं आई थी। लेकिन अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने अपनी उंगली खड़ी कर दी और हर कोई हैरान हो गया। खुद अभिषेक शर्मा भी काफी निराश नजर आए।
अभिषेक ने तुरंत रिव्यू ले लिया और मामला थर्ड अंपायर के पास गया। हालांकि रीप्ले में साफ देखने को मिला कि गेंद अभिषेक के दस्ताने को छू कर गई है और वे आउट ही थे। इसके बाद थर्ड अंपायर ने भी उन्हें आउट करार दिया और भारतीय टीम को 5.4 ओवर में 63 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया।
नई ओपनिंग जोड़ी ने किया कमाल
इस मैच में शुभमन गिल भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे और ऐसे में संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की। इस पूरी सीरीज में टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी खासी परेशान थी, लेकिन संजू के आते ही जमकर रन आए। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 5.4 ओवर में 63 रन जोड़ दिए। अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन भी 22 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए।







