कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम को घोषित करने के बाद केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य के टॉप ऑफिसर्स को बदला दिया था। इसमें चीफ सेक्रेटरी से लेकर डीजीपी और कुछ अन्य ऑफिसर्स शामिल थे। अब चुनाव आयाेग ने 13 जिलों में नए डीएम की नियुक्ति कर दी है। इतना ही नहीं चुनाव आयोग ने राज्य की पांच रेंज में नए डीआईजी की तैनाती की है। पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव आयोग ने दो चरण रखे हैं। 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
किन जिलों के डीएम बदले गए
केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) ने कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नादिया, पूरब बर्धमान, कोलकाता उत्तर, कोलकाता साउथ, नाॅर्थ 24 परगना, साउथ 24 परगना, दर्जीलिंग और अलीपुरद्वार के डीएम बदले हैं। चुनाव आयोग ने नए अधिकारियों को 19 मार्च की शाम 3 बजे तक चार्ज संभाल लेने के निर्देश दिए हैं। चुनाव आयोग ने जिस ऑफिसर्स को डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व सौंपा है। उनके बारे में निर्देश जारी किया है कि उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक कोई और जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाए। केंद्रीय चुनाव आयोग ने जब बंगाल के शीर्ष अफसरों को हटाया था तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रातोंरात तबादले पर पत्र लिखा था।
आयोग ने पांच पुलिस अफसर भी बदले
केंद्रीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 13 डीएम बदलने के साथ ही पांच जिलों के नए पुलिस अधिकारी नियुक्त किए हैं। ये सभी अधिकारी डीआईजी रैंक के हैं। चुनाव आयोग ने रायगंज रेंज, मुर्शिदाबाद, बर्धमान, प्रेसीडेंसी रेंज और जलपाईगुड़ी रेंज में नए पुलिस अफसरों को तैनात किया है। आयोग ने नए अधिकारियों को 19 मार्च की सुबह 11 बजे तक अपना चार्ज संभालने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत से पहले ही अफसरशाही में बड़ा बदलाव कर दिया है।







