अर्जुन सिंह
हैदराबाद। श्री दक्षिणेश्वर केदारनाथ मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 9 दिवसीय श्री राम कथा एवं श्री राम दरबार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह दिव्य आयोजन 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च महा नवमी तक विधि-विधान के साथ पूर्ण होगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में 3 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आचार्य विनयानंद जी महाराज के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें मुख्य यजमान धनराज सोनी परिवार की विशेष भूमिका रही।
श्री राम दरबार के लिए मूर्तियों की भेंट धनराज सोनी परिवार द्वारा की गई हैं। श्री राम दरबार सत्संग सभागार का निर्माण स्नेहलता राय बंसल एवं गीतिका मुदाली परिवार द्वारा कराया गया है। कथा के दौरान भगवान शिव, माता सती और पार्वती विवाह के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। शनिवार 21 मार्च को वैदिक मंत्रों के साथ श्री राम दरबार की मूर्तियों की विधिवत स्थापना की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।आयोजन में गोपाल दास अग्रवाल परिवार सहित अनेक श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। मंदिर समिति ने भक्तों से आगामी दिनों में दिव्य दर्शन हेतु पधारने का आग्रह किया है।







