नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच एलपीजी की कमी से अवैध जमाखोरी के मामले में सामने आ रहे हैं। अब दक्षिण पश्चिमी जिला पुलिस की टीम ने एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके महिपालपुर स्थित गाेदाम से 74 एलपीजी सिलेंडर (70 घरेलू और चार कमर्शियल) बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक छोटा मालवाहक वाहन, तौलने की मशीनें और गैस ट्रांसफर करने का सामान भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 21 मार्च को महिपालपुर में एलपीजी सिलिंडरों की अवैध जमाखोरी के बारे में एक गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने गोदाम पर छापा मारा और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान कृष्णा, दिनेश साहू और मिथिलेश के रूप में हुई।
गोदाम की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलिंडरों के साथ-साथ तौलने की मशीनें और दूसरा सामान भी बरामद किया गया। आरोपित इन एलपीजी सिलिंडरों को जमा करने या उनका व्यापार करने के लिए कोई भी वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं दिखा पाए।
बिना बिल या अनुमति के एलपीजी सिलिंडरों की अवैध बिक्री
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लिए स्थानीय लोगों को बिना बिल या अनुमति के एलपीजी सिलिंडरों की अवैध बिक्री करते थे। वे सामान लाने-ले जाने के लिए एक टाटा ऐस गोल्ड गाड़ी का इस्तेमाल करते थे और गैर-कानूनी तरीके से सामान जमा करने के लिए एक जगह किराए पर ली थी। तीनों आरोपित पिछले 20-25 वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं और पिछले तीन वर्षों से महिपालपुर इलाके में गैर-कानूनी तरीकों से एलपीजी पाइपलाइनों के काम में शामिल थे।







