नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शनिवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा किया. इस दौरान सीएम ने वहां कचरे के निस्तारण और बायोमाइनिंग कार्य का निरीक्षण किया. वही इस निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद और दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही भी साथ में मौजूद रहे. इस मौके पर सीएम ने कहा कि जैसे-जैसे ओखला लैंडफिल साइट से कूड़े का पहाड़ खत्म होता जा रहा है वैसे-वैसे उसे पेड़ पौधे लगाकर पार्क में डेवलप किया जा रहा है.
70 लाख मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कूड़े का पहाड़ का निरीक्षण करते हुए कहा कि ओखला क्षेत्र से लगभग 70 लाख मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है.सरकार का लक्ष्य है कि इस साल दिसंबर तक ओखला लैंडफिल साइट को पूरी तरह से कूड़ा मुक्त और समतल करना है.साइट पर बायोमाइनिंग के बाद खाली हुई जमीन पर मुख्यमंत्री ने बांस के पौधों का रोपण भी किया है. नए कचरे के प्रबंधन के लिए ओखला में फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शिलान्यास किया गया है.
सिंघोल में फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और बायो गैस प्लांट का वर्चुअल शिलान्यास
वही दिल्ली में नया कूड़े का पहाड़ न बनने पाए इसके लिए ओखला के अलावा गाजीपुर व सिंघोल में फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और गाज़ीपुर में बायो गैस प्लांट का वर्चुअल शिलान्यास भी किया गया है. कोटला मुबारकपुर में मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्र व आयुर्वेदिक केंद्र का भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकार्पण वर्चुअल माध्यम से किया.सभी नए फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता 3200 टन होगी. इससे जहां नए कचरों का आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण होगा. वहीं नए कूड़े का पहाड़ नहीं बन सकेगा, साथ ही ओखला लैंडफिल साइट समेत अन्य लैंडफिल साइटों का दबाव घटेगा.
2026 के अंत तक कूड़े के पहाड़ को पूर्ण रूप से खत्म करने का दावा
वही हम आपको बता दे आज ओखला लैंडफिल साइट पर दौरा करते समय दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के द्वारा कूड़े के पहाड़ के पास आखरी सेल्फी ली गई और उन्होंने कहा कि यह आखरी सेल्फी इसलिए ली गई है ताकि यह याद रहे कि दिल्ली में कभी कूड़े का पहाड़ भी हुआ करता था क्योंकि अब कूड़े के पहाड़ का जाने का समय आ गया है और 2026 के अंत तक कूड़े के पहाड़ को पूर्ण रूप से खत्म कर दिया जाएगा. वही इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने भी कूड़े के पहाड़ के साथ आखरी सेल्फी दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ लिया है.







