अर्जुन सिंह
हैदराबाद। श्री राम नवमी के अवसर पर हैदराबाद के एल्मपेट (मेडचल) स्थित श्री दक्षिणेश्वर केदारनाथ मंदिर में चल रही 9 दिवसीय श्री राम कथा का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। मंदिर परिसर को आम के पत्तों और मांगलिक चिन्हों से सजाया गया, जहां सुबह से ही भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
प्रातःकाल भगवान श्री रुद्रनाथ शिव और श्री राम दरबार का दिव्य श्रृंगार किया गया। पुजारी के सान्निध्य में स्थानीय भक्तों ने मिलकर रुद्रनाथ केदारनाथ भगवान का अभिषेक और सामूहिक आरती की। इसके बाद सुबह श्री अचलेश्वर महादेव शिवलिंग का षोडशोपचार पूजन और रुद्राभिषेक कर विधिवत आरती संपन्न हुई। इस दौरान श्री रामदेव गौसेवा समिति, निजामपेट द्वारा भेजी गई हरी घास से गौशाला में गौवंश की सामूहिक सेवा भी की गई, जिसने कार्यक्रम को और अधिक पुण्यदायी बना दिया।
ठीक 11:30 बजे से श्री राम जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू हुईं। श्री राम रक्षा यज्ञ, हवन और भोग के बाद दोपहर 12:05 बजे भगवान श्री राम का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सूर्य की किरणों द्वारा श्री राम दरबार पर पड़े प्रकाश को भक्तों ने “सूर्य तिलक” के रूप में दिव्य दर्शन माना। दोपहर 3 बजे कथा का शुभारंभ हुआ, जहां मुख्य यजमान श्री धनराज सोनी परिवार ने कथा वाचक पूज्य बाल व्यास विनयानंद जी महाराज का सम्मान कर व्यास पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कथा की पूर्णाहुति श्री राम दरबार की आरती, देवी-देवताओं की विदाई और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुई।इस आयोजन में श्री बलवीर प्रसाद पैनोली, मिथलेश पैनोली, लक्ष्मण जी और सुभाष यादव सहित कई श्रद्धालुओं ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।आयोजक चेयरमैन राजर्षी ठाकुर जयपाल नयाल सनातनी ने बताया कि इस 9 दिवसीय कथा में मुख्य यजमान श्री धनराज सोनी परिवार (बंजारा हिल्स) के साथ गुरु मां स्नेहलता राय बंसल, प्रोफेसर गीतिका मुदाली परिवार और बाबूजी गोपाल दास अग्रवाल परिवार का विशेष सहयोग रहा।






