नई दिल्ली। अमेरिका की पावरफुल जांच एजेंसी FBI ने चीन की ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए एक अलर्ट जारी किया है। इसमें चेतावनी दी गई है कि डाउनलोड के लिए उपलब्ध कुछ चीनी मोबाइल ऐप्स के कारण यूजर का जरूरी डेटा खतरे में आ सकता है। अधिकारियों के अनुसार, ये मोबाइल ऐप्स अपने प्रमुख कामों के अलावा यूजर्स की बहुत सारी निजी जानकारी इकट्ठा कर सकते हैं। इस चेतावनी में यह भी बताया गया है कि खतरा सिर्फ इन ऐप्स का इस्तेमाल करने वालों को ही नहीं बल्कि उनके परिवारों और सोशल नेटवर्क के लिए भी है।
ऐप्स शेयर कर सकते हैं आपकी पर्सनल जानकारी
FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) अमेरिका की सबसे बड़ी जांच एजेंसी है, जो देश के अंदर होने वाले बड़े अपराधों को रोकने और खुफिया जानकारी जुटाने का काम करती है। एजेंसी का कहना है कि चीन के सिस्टम से जुड़े मोबाइल ऐप्स को वहां के राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों का पालन करना होता है।
इन कानूनों के तहत अगर अधिकारी चाहे तो कंपनियों से यूजर का डेटा उनके साथ शेयर करने के लिए कह सकते हैं और कंपनियों को ऐसा करना पड़ेगा। इसका मतलब है कि ऐप डाउनलोड करने के बाद जो जानकारी इकट्ठा होती है, वह किसी भी समय निजी ना रहकर किसी गलत हाथों में लग सकती है। निजी जानकारी में संपर्क, डिवाइस की जानकारी और इस्तेमाल के तरीकों जैसा डेटा होता है। इसे ऐप्स यूजर की जानकारी के बिना ही एक्सेस कर सकते हैं।
परमिशन मांगकर चोरी करते हैं आपका डेटा
आधिकारिक बयान में बताया गया है कि कई ऐप्स सेटअप के दौरान यूजर्स से ऐसी अनुमतियां मांगते हैं, जिनसे वे डेटा इकट्ठा कर पाएं। इसमें एड्रेस बुक, ईमेल और फोन नंबर होता है। कई मामलों में तो अगर आपने ऐप डाउनलोड नहीं किया है, तब भी आपकी जानकारी उन यूजर की कॉन्टैक्ट लिस्ट के जरिए उन तक पहुंच सकती है, जिनसे ये ऐप डाउनलोड किया होगा। यह भी चेतावनी दी गई है कि कुछ ऐप्स में ऐसे छिपे हुए टूल्स हो सकते हैं, जो बैकग्राउंड में चुपचाप डेटा इकट्ठा करते रहते हैं।
ऐप्स का इस्तेमाल बंद करने को नहीं कहा
FBI ने लोगों से यह नहीं कहा है कि वे चीनी ऐप्स का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद कर दें। हालांकि, उसने यूजर्स को सलाह दी है कि कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले ज्यादा सावधानी बरतें। अधिकारियों का सुझाव है कि यूजर्स यह जांच लें कि कोई ऐप कौन-कौन सी परमिशन मांग रहा है। ऐप की ‘टर्म्स ऑफ सर्विस’ यानी सेवा की शर्तें पढ़ें और यह समझें कि डेटा कहां स्टोर किया जा रहा है। यूजर्स को उन ऐप्स को डाउनलोड करने से पहले दो बार सोचना चाहिए या उन्हें हटा देना चाहिए, जो वे इस्तेमाल नहीं करते हैं।
बचने के लिए दी ये सलाह
इसके अलावा, यूजर्स को यह भी सलाह दी गई है कि वे ऐप्स केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें और अपने डिवाइस को अपडेटेड रखें। नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट से सुरक्षा से जुड़ी उन कमियों को ठीक किया जा सकता है, जिनका फायदा हैकर्स उठाने की कोशिश कर सकते हैं। समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहना और जब तक बहुत जरूरी ना हो, कॉन्टैक्ट लिस्ट शेयर करने से बचें। FBI का कहना है कि इस तरह की छोटी-छोटी आदतें निजी डेटा को सुरक्षित रखने में बहुत अहम भूमिका निभा सकती हैं।







