देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने प्रदेश के हर ब्लॉक में आयुष क्लीनिक खोलने की योजना बनाई है। इन क्लीनिकों में आयुर्वेद और होम्योपैथी के साथ-साथ पंचकर्म और वेलनेस सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंगलवार को विधानसभा में आयुष विभाग की समीक्षा के बाद प्रेसवार्ता में आयुष मंत्री मदन कौशिक ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल की तर्ज पर लागू की जाएगी, जिससे आम लोगों को नजदीक ही पारंपरिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
वेलनेस और आयुर्वेद को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड औषधीय पौधों की दृष्टि से बेहद समृद्ध प्रदेश है। ऐसे में आयुर्वेद और वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए सरकार व्यापक कार्ययोजना तैयार कर रही है। होटल, धर्मशाला और आश्रमों को भी आयुष सेवाओं से जोड़ने की नीति पर काम किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर्यटन को भी नई दिशा मिल सके।
आयुर्वेद विश्वविद्यालय के लिए बनेगी कमेटी
आयुर्वेद विश्वविद्यालय में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए निदेशक आयुर्वेद की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति विभिन्न मुद्दों का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
ऋषिकुल में आयुष एम्स की तैयारी
मदन कौशिक ने बताया कि हरिद्वार के ऋषिकुल परिसर में आयुष एम्स स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए करीब 15 एकड़ जमीन की आवश्यकता है और प्रशासन को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
सरकार की इस पहल से न केवल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि आयुर्वेद, पंचकर्म और वेलनेस के जरिए प्रदेश को हेल्थ टूरिज्म हब के रूप में भी विकसित करने में मदद मिलेगी।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस हो
उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह पत्नी और राज्य की प्रथम महिला गुरमीत कौर ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस पर लोक भवन में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव रखती है। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित जांच को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि सफाई संग जागरूक करने की जरूरत है।







