नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा चलाए जा रहे बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली और पंजाब से गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के सदस्यों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे।
गाजियाबाद से जासूसी नेटवर्क में अब तक 24 गिरफ्तारी हुई हैं। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल ने अब दिल्ली और पंजाब से 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सदस्य टेरर मॉड्यूल की तरह काम कर रहे थे। अब तक कुल 35 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनका नेटवर्क पूरे भारत में फैला हुआ है।
जांच में खुलासा हुआ था कि गिरोह के सदस्य सैन्य ठिकानों, रेलवे स्टेशनों समेत अन्य संवेदनशील स्थानों की लोकेशन, फोटो, वीडियो पाकिस्तान भेज रहे थे। इन लोगों ने दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सोलर बेस्ड कैमरे भी लगाए थे। इन कैमरों की फीड पाकिस्तान दी गई थी।
देश में 9 जगहों पर लगाए थे सीसीटीवी कैमरे
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISI-BKI स्पॉन्सर्ड आतंक, हथियार और जासूसी मॉड्यूल पर इंटर-स्टेट कार्रवाई की है। पुलिस ने सेंसिटिव सिक्योरिटी जगहों के पास लगे 9 सोलर-पावर्ड सीसीटीवी कैमरे बरामद किए हैं।
कठुआ से उत्तर भारत में कई जगह सेना से जुड़े प्रतिष्ठान पर कैमरे लगाए लगाए थे। इन कैमरों की फीड एक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए पाक बेस्ड हैंडलर्स को भेजी जा रही थी। पुलिस ने चार पिस्टल और 24 कारतूस भी बरामद किए।
मॉड्यूल के आरोपी यूपीआई अकाउंट के जरिए फंड ट्रांसफर करवा रहे थे, जिसका एक हिस्सा इन स्मगल किए गए हथियारों की बिक्री से होने वाली कमाई से आता था।
वहीं, जांच में पता चला कि हथियारों की तस्करी से मिले पैसे का इस्तेमाल मॉड्यूल की एक्टिविटीज की फंडिंग के लिए किया गया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से सिक्योरिटी जगहों पर ग्रेनेड हमला टल गया है।
पुलिस के मुताबिक, ये मॉड्यूल जासूसी गतिविधियों और आतंकी गतिविधियों में भी शामिल था। ये पाकिस्तान से हथियार भी मंगा रहे थे।
ये आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर पाकिस्तान-बेस्ड ऑपरेटिव्स के कॉन्टैक्ट में थे। उन्हें हमारी नेशनल सिक्योरिटी को खतरा पहुंचाने वाली जासूसी और तोड़फोड़ वाली एक्टिविटीज के लिए डायरेक्शन मिल रहे थे।
स्पेशल सेल SWR के दूसरे ऑपरेशन में एसीपी पूरन पंत की देखरेख में इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर नीरज कुमार और संदीप यादव की कई टीमों ने मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) से मिले इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के पांच आरोपियों को जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया। वे सेंसिटिव सिक्योरिटी जगहों की रेकी करने और फोटो और वीडियो शेयर करने में शामिल थे।
आरोपियों की जानकारी
ऑपरेशन-I (NDR)
- मनप्रीत सिंह निवासी तरनतारन, पंजाब
- अनमोल निवासी फिरोजपुर, पंजाब
- साहिल निवासी फिरोजपुर, पंजाब
- अतुल राठी निवासी रोहिणी, दिल्ली
- रोहित निवासी रोहिणी, दिल्ली और
- अजय निवासी टटेसर, दिल्ली
ऑपरेशन-II (SWR)
- गुरजीत सिंह निवासी कपूरथला, पंजाब
- रिंपलदीप सिंह निवासी फाजिल्का, पंजाब
- सलविंदर सिंह उर्फ कालू निवासी फाजिल्का, पंजाब
- हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी मोगा, पंजाब
- बूटा सिंह निवासी फाजिल्का, पंजाब
आरोपियों से हुई बरामदगी
- 09 सोलर CCTV कैमरे
- 09 SIM कार्ड के साथ (कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ, बीकानेर, अलवर)
- 03 PX5 पिस्टल और 01 देसी पिस्टल
- 24 कारतूस
- हथियार लेने के लिए इस्तेमाल की गई दो चार पहिया गाड़ियां
- सेंसिटिव जगहों की रेकी के लिए इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल
- 24 मोबाइल फोन







