नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के नए वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में सबको अपना दीवाना बना रखा है. जारी आईपीएल 2026 में उन्होंने अपनी तूफानी पारी से सबको हैरान कर दिया है. क्या बुमराह, क्या हेजलवुड…यह बाएं हाथ का बल्लेबाज किसी को नहीं छोड़ रहा है. वैभव अब सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक्शन में दिखेंगे और इस दौरान उनके निशाने पर कई रिकॉर्ड होंगे. वैभव एक वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं.
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन
वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक 22 टी20 मुकाबलों में 42.90 की औसत और 215.55 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट के साथ 901 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 3 अर्द्धशतक जड़े हैं. वैभव के बल्ले से बाउंड्री की बरसात हुई है. इन 22 पारियों में वैभव ने 71 चौके 80 छक्के जड़े हैं. वैभव अगर सोमवार को 99 रन बनाते हैं तो उनके टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे हो जाएंगे और वैभव टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में एक हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ जाएंगे. फिलहला यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ब्रैड हॉज और शॉन मार्श के नाम संयुक्त रूप से है. दोनों ने 23 पारियों में यह कारनामा किया था.
पडिक्कल भी छूटेंगे पीछे
वैभव अगर सोमवार को चूक जाते हैं तो भी उनके पास क्रिकेट में सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका होगा. मौजूदा समय में यह रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के नाम है. जिन्होंने 25 पारियों में ऐसा किया था. पडिक्कल के रिकॉर्ड से आगे निकलने के लिए वैभव के पास दो पारियां हैं, जबकि उनकी बराबरी के लिए 3 पारियां.
250 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बना रहे रन
वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा सीजन में 4 मैचौं में 50.00 की औसत और 266.66 की स्ट्राइक रेट से 200 रन बनाए हैं. उन्होंने 18 चौके और इतने ही छक्के जड़े हैं. वैभव की धमाकेदार पारियों के दम पर राजस्थान को शुरुआत अच्छी मिली है और उसने जीत का चौका लगाया है और वो अंक तालिका में पहले स्थान पर है. राजस्थान की कोशिश सोमवार को भी हैदराबाद के खिलाफ जीत हासिल करने की होगी.







