प्रकाश मेहरा
स्पेशल डेस्क
गाज़ियाबाद। समाज सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दिव्यांशु त्यागी और डॉ विनीत त्यागी के नेतृत्व में दुहाई स्थित आवासीय वृद्धाश्रम में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। “महेन्दर एस्थेटिक्स स्किन एंड हेयर वैलनेस क्लिनिक” द्वारा आयोजित यह शिविर स्वर्गीय महेंद्र त्यागी (दादा) एवं स्वर्गीय सतीश त्यागी (नाना) की पुण्य स्मृति को समर्पित प्रथम निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर था।
शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा त्वचा एवं बालों से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
संतुलित आहार और नियमित जांच जरूरी : डॉ. दिव्यांशु त्यागी
डॉ. दिव्यांशु त्यागी और डॉ विनीत त्यागी ने शिविर में आए मरीजों की स्वास्थ्य समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद आवश्यक है। शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति भी जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित होते हैं। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी इस सेवा कार्य के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. दिव्यांशु त्यागी ने कहा कि “समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है और भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।”
यह स्वास्थ्य शिविर समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा, जिसने सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।







