प्रकाश मेहरा
नोएडा (स्पेशल डेस्क)। हिंदू साम्राज्य दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रताप नगर संघ रचना सेक्टर-71 एवं होम्स-121 में शनिवार को एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज के राष्ट्रनिर्माण, अद्वितीय पराक्रम, कुशल नेतृत्व, सुशासन तथा राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ भारत माता एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित स्वयंसेवकों एवं अतिथियों ने राष्ट्रगौरव और हिंदू साम्राज्य के महानायक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन एवं कृतित्व को नमन किया।
राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय
इस अवसर पर मुख्य वक्ताओं में माननीय संघ चालक सुदर्शन भाग सतीश जी, भाग बौद्धिक प्रमुख सुदर्शन भाग श्वेतांक जी तथा धर्म जागरण नोएडा महानगर के अतुल जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान, न्याय, सुशासन और जनकल्याण का जीवंत आदर्श है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में शिवाजी महाराज के साहस, संगठन क्षमता, दूरदर्शी नेतृत्व तथा सांस्कृतिक चेतना की चर्चा करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को एक नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के उत्थान एवं भारत के गौरव को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। प्रेरक गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा ओजस्वी उद्बोधनों के माध्यम से उपस्थित स्वयंसेवकों, युवाओं एवं नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह और अधिक प्रबल हुआ।
राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक गौरव
इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं तथा गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक गौरव एवं समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अमित ने प्रताप नगर के प्रचार प्रमुख के रूप में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई तथा कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। यह आयोजन छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में राष्ट्रभक्ति, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुआ।







