रुड़की। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से रुड़की में पांच करोड़ की लागत से बनाए गए हाइटेक स्पोट्स कॉपलेक्स का रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने ट्रेड मील पर दौड़ लगाई। साथ ही जिम में भी पसीना बहाया। कॉपलेक्स में पहुंचे बच्चे एवं खिलाड़ियों से भी वार्ता की।
स्पोट्स कॉपलेक्स का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में भी पहचान बना रही है। राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक प्राप्त किए हैं।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट समेत कई खेल के क्षेत्र में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉपलेक्स के बनने से यहां के किशोर एवं युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही खेल के प्रति उनका रूझान भी बढ़ेगा।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह कॉपलेक्स मील का पत्थर साबित होगा।
आने वाले समय में सांइस सिटी, आइएसबीटी की तर्ज पर रुड़की को बस अड्डा एवं बाईपास से जोड़ने वाला रास्ता मिलने वाला है।
पुल का निर्माण भी अगले दो तीन महीनों में पूरा हो जाएगा। इस मौके पर डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए के सचिव प्रत्युष सिंह, संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र शेट आदि मौजूद रहे।







