नई दिल्ली। आज के जमाने में आधार कार्ड (Aadhaar Card) एक ऐसी जरूरत बन चुका है कि कहीं भी और कभी भी आपसे वो मांगा जा सकता है। कई बार बच्चे अगर किसी चीज का फार्म भरते हैं तो उन्हें अपने माता-पिता के आधार नंबर की जरूरत पड़ती है। और ऐसे समय में आपके पास तुरंत सारी जानकारी मौजूद न हो तो दिक्कत हो सकती है।
लेकिन अब आपको अलग-अलग आधार नंबर रखने की जरूरत नहीं है। परिवार के सभी सदस्यों के आधार नंबर (Aadhaar Number) को आप एक ही फोन से मैनेज कर सकते हैं। तो आइए आपको बताते हैं कि आखिर आप कैसे एक फोन से ये सब मैनेज कर पाएंगे और कितने आधार नंबर एक फोन से संभाले जा सकते हैं।
क्या है नया आधार एप?
आधार एप भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की साइड से बनाया गया नया एप है, जहां आप आधार से जुड़ी कई चीजें करवा सकते हैं। आप इसे गूगल प्ले स्टोर या एपल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इस एप को हाल ही में mAadhar की जगह लॉन्च किया गया था।
इस एप की खास बात ये है कि आप इस एप के जरिए जितनी जानकारी चाहें, सिर्फ उतनी शेयर कर सकते हैं। मान लीजिए कहीं आपको सिर्फ आधार पर दिया गया एड्रेस शेयर करना है, तो आप सारी जानकारी छुपाकर, सिर्फ एड्रेस शेयर कर सकते हैं। वहीं अगर आपको कहीं पूरा आधार कार्ड शेयर करना है तो आप वो भी कर सकते हैं।
एक फोन से कितने आधार संभलते हैं?
इस नए एप की खास सुविधा ये भी है कि आप इसके जरिए अपने अलावा, अपने परिवार वालों के आधार को भी लिंक कर सकते हैं। फिलहाल नए एप में अधिकतम 5 आधार नंबर आप जोड़ सकते हैं। इसका फायदा ये होगा कि आपको जरूरत के वक्त पर किसी को फोन लगाने की या कहीं भी आधार खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आप एक ही जगह सारी जानकारी देख पाएंगे।
एप पर कैसे जोड़ें बाकी आधार?
आप घर बैठे ही आसानी से एप पर परिवार के बाकी सदस्यों के आधार नंबर भी जोड़ सकते हैं।
सबसे पहले नई आधार एप में जाएं
अगर आपने अपना प्रोफाइल नहीं बनाया है तो अपना प्रोफाइल बनाएं और अपना आधार जोड़ें
- फिर प्रोफाइल में जाकर “Add Aadhaar Profile” ऑप्शन पर क्लिक करें
- अपने परिवार के जिस सदस्य की प्रोफाइल जोड़नी है, उसका आधार नंबर डालें
- जो आधार आप जोड़ना चाहते हैं, उससे लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, उसे डालें
- फिर ओटीपी डालकर वेरिफिकेशन पूरा करें, और आपके एप पर नई आधार प्रोफाइल जुड़ जाएगी







