नई दिल्ली। दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों से सफर करने वाली महिलाओं को फिलहाल राहत मिल गई है. पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने का फैसला एक बार फिर टाल दिया गया है. अब महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए 1 अक्टूबर 2026 से स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा. इससे पहले यह व्यवस्था 18 सितंबर से लागू होनी थी.
30 सितंबर तक पुराने तरीके से जारी रहेगी सुविधा
डीटीसी के ऑपरेशन विभाग ने 16 सितंबर को जारी आदेश में साफ किया है कि मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था को 30 सितंबर तक जारी रखा जाएगा. इसका मतलब है कि तब तक पात्र महिला यात्री डीटीसी के साथ-साथ डिम्ट्स की क्लस्टर बसों में पिंक टिकट लेकर बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी.
स्मार्ट कार्ड नहीं होने पर अभी नहीं रुकेगी मुफ्त यात्रा
नई तारीख तक बस परिचालकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं. 30 सितंबर तक किसी पात्र महिला यात्री को सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होने के आधार पर मुफ्त यात्रा से मना नहीं किया जाएगा. यानी स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिलाओं के पास अभी कुछ और समय मौजूद है.
1 अक्टूबर से बस में कार्ड टैप करना होगा जरूरी
1 अक्टूबर 2026 से मुफ्त यात्रा की प्रक्रिया पूरी तरह बदल जाएगी. इसके बाद बस में सफर के दौरान पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को टैप करना जरूरी होगा. जिन महिला यात्रियों के पास वैध स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी और सामान्य यात्रियों की तरह निर्धारित किराया चुकाना पड़ेगा.
डीटीसी ने कर्मचारियों को भी किया अलर्ट
नई व्यवस्था को लागू करने की जिम्मेदारी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी देने के निर्देश जारी किए गए हैं. डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों, परिचालकों और प्रवर्तन कर्मचारियों को नई समयसीमा के बारे में यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए कहा गया है.
महिलाओं को 1 अक्टूबर से पहले कार्ड बनवाने की सलाह
डीटीसी ने महिला यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें. निर्धारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड वितरण केंद्रों से 30 सितंबर तक प्राप्त कर लेने पर अक्टूबर से बस यात्रा के दौरान परेशानी से बचा जा सकता है.
बसों और डिपो में चलेगा जागरूकता अभियान
स्मार्ट कार्ड व्यवस्था शुरू होने से पहले यात्रियों तक जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है. डीटीसी ने डिपो और बसों में उद्घोषणाओं के जरिए महिलाओं को नई व्यवस्था के बारे में बताने के निर्देश दिए हैं. परिचालकों से यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने और कार्ड से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा गया है.
महिलाओं के लिए जरूरी तारीख याद रखना अहम
फिलहाल 30 सितंबर तक पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा का विकल्प खुला रहेगा, लेकिन इसके बाद यह सुविधा स्मार्ट कार्ड से जुड़ जाएगी. इसलिए मुफ्त बस यात्रा जारी रखने की इच्छुक महिलाओं के लिए 1 अक्टूबर की नई व्यवस्था से पहले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड हासिल करना जरूरी होगा.
जिसके बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड सुविधा अनिवार्य हो जाएगी और वे बस में कार्ड को टैप कर मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ जारी रख सकेंगी. जिन किसी महिला यात्रियों के पास स्मार्ट कार्ड नहीं होगा उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह किराए का भुगतान करना होगा.







