नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आज शुक्रवार को 10 स्वचालित सड़क सफाई मशीनों को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बेड़े में शामिल किया। सीएम गुप्ता ने सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ये मशीनें दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में और मशीनें निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
वहीं, सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण पर Action लगातार जारी है। अब सड़कों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए भी मशीनों की संख्या और बढ़ाई गई है। आज 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सपोर्ट वाहनों को दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित किया। प्रदूषण का स्रोत चाहे छोटा हो या बड़ा, हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण मिले।”
इस दौरान दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे।







