नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित रग्बी ग्राउंड से स्वच्छ यमुना प्रहरी अभियान की शुरुआत की. इस मौके पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद रहे. अभियान के तहत लोगों और खासकर युवाओं को यमुना की सफाई एवं संरक्षण से जोड़ने के लिए स्वच्छ यमुना प्रहरी ऐप और meriyamuna.in वेबसाइट लॉन्च की गई.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना को साफ रखना सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सरकार नालों को टैप करने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने, डी-सिल्टिंग और सीवर लाइनों को जोड़ने जैसे काम कर रही है, लेकिन रोजमर्रा की गंदगी को रोकने में जनता की भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने क्लीन दिल्ली, ग्रीन दिल्ली और सुंदर दिल्ली को सरकार और दिल्लीवासियों का साझा लक्ष्य बताया.
दिल्ली में 33 किलोमीटर के हिस्से से गुजरती है यमुना
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यमुना दिल्ली में करीब 33 किलोमीटर के हिस्से से गुजरती है और इस हिस्से की स्थिति चिंता का विषय है. उन्होंने दावा किया कि यमुना में 22 बड़े सीवेज नालों का गंदा पानी सीधे गिरता है. उनके मुताबिक, इन नालों के मुहानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए टेंडर किए जा चुके हैं और 22 में से 12 स्थानों पर निर्माण शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2029 तक यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाना है.
बड़े स्तर पर चलाया जाएगा सफाई अभियान
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर को यमुना किनारे बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसमें लोग यमुना तटों पर पड़ी पॉलिथीन और अन्य कचरे की सफाई करेंगे. उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई के लिए केवल किनारों की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सीवेज ट्रीटमेंट की क्षमता बढ़ाने जैसे बड़े स्तर के सरकारी प्रयास भी जरूरी हैं.
यमुना को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प
कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने भी स्वच्छ यमुना प्रहरी बनने का संकल्प लिया. मुख्यमंत्री ने स्वयं ऐप पर पंजीकरण कर यमुना को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया. सरकार के मुताबिक, meriyamuna.in के जरिए आम लोग भी अभियान से जुड़कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं.







