नई दिल्ली। पूर्व आईपीएमस ऑफिसर किरण बेदी को दिल्ली पुलिस का एक कदम काफी पसंद आया है और उन्होंने खूब तारीफ भी की है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस के इस एक कदम से लोगों में कानून को लेकर खौफ दिखने लगेगा। दरअसल दिल्ली पुलिस ने 100 से ज्यादा चालान वाली 1421 गाड़ियों की पहचान की है। इन गाड़ियों के ड्राइवर के खइलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस ने इन गाड़ियों की एक लिस्ट तैयार की गै जिसमें 723 कमर्शियल गाड़ियां, 600 कार और 85 टू व्हीलर गाड़ियां शामिल हैं।
किरण बेदी ने दिल्ली पुलिस के इस कदम की तारीफ करते हुए कहा है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली पुलिस ने बहुत सही पहल की है। इस पर नियमित रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा है कि मोटर वाहन अधिनियम (MVAct) के अनुसार ऐसे लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किए जा सकते हैं, और गाड़ियों को ज़ब्त भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा, जब ये कार्रवाई नियमित तौर पर होगी तो इसका बड़ा असर होगा। लोगों के मन में कानून के प्रति डर और सम्मान पैदा होगा।
रेड लाइट, गलत पार्किंग से लेकर बिना पीयूसी गाड़ी चलाने तक के चालान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जोन-एक में पूर्वी, मध्य और उत्तरी रेंज से इस तरह की गाड़ियों की पहचान की है जिनके 100 से ज्यादा चालान हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 723 व्यावसायिक गाड़ियां हैं। इसके अलावा 600 निजी कारें, 85 टू व्हीलर और 13 अन्य श्रेणी की गाड़ियां हैं। इन पर रेड लाइट, गलत पार्किंग, स्टॉप लाइन, सीमा से ज्यादा तेजी से परिचालन, बिना पीयूसी और बीमा गाड़ी चलाने समेत कई उल्लंघनों के चालान हैं।
ट्रैफिक पुलिस जोन-एक की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता गोयल आर्या ने बताया कि इन वाहनों के खिलाफ बार-बार चालान जारी होना दिखाता है कि ये इनके चालक यातायात नियमों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे वाहन सड़क पर पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।







