नई दिल्ली। यूक्रेन ने रूस के साथ युद्धविराम के लिए भारत के प्रस्ताव को कीव को मिले चार प्रस्तावों में सबसे बेहतरीन बताया है. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि वो ऊर्जा बुनियादी ढांचे और काला सागर से जुड़े युद्धविराम पर विचार करने के लिए तैयार हैं. ‘यूरोपियन प्रावदा’ अखबार के मुताबिक, सिबिहा ने शुक्रवार को कीव में पत्रकारों से कहा, ”हमारे पास चार प्रस्ताव हैं. इनमें सबसे व्यापक प्रस्ताव भारत का है. हम ऊर्जा और काला सागर से जुड़े युद्धविराम के लिए तैयार हैं.”
कीव का बयान
दरअसल, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुछ दिन पहले एक बयान में कहा था कि पीएम मोदी के पास यूक्रेन संघर्ष का आपसी समाधान खोजने के लिए बहुत अच्छे विचार हैं. अब यूक्रेन के विदेश मंत्री सिबिहा ने कहा कि युद्धविराम के प्रस्ताव भारत, तुर्की, मिस्र और संयुक्त राज्य अमेरिका से मिले थे. उन्होंने कहा- ”कीव युद्धविराम के लिए अलग-अलग तरीकों पर विचार करने को तैयार है, लेकिन किसी भी समझौते में ना सिर्फ सैन्य अभियानों, बल्कि ऊर्जा और बंदरगाह के बुनियादी ढांचे पर हमलों और काला सागर की स्थिति को भी शामिल किया जाना चाहिए.”
पुतिन ने क्या कहा?
पुतिन ने गुरुवार को कहा कि पीएम मोदी, उनके करीबी रिश्तों के बावजूद युद्ध को खत्म करने का मुद्दा लगातार उठाते हैं और दोनों नेताओं के बीच हर बैठक में इस पर बात करते हैं. सरकारी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, वल्दाई इंटरनेशनल डिस्कशन क्लब की वार्षिक बैठक में पुतिन ने कहा, “उनके पास आपसी तौर पर बातचीत से समाधान खोजने के मकसद से बहुत अच्छे विचार हैं.” पिछले महीने नई दिल्ली में ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन से पहले, पुतिन और मोदी के बीच बातचीत हुई थी, जिसके दौरान रूसी नेता ने प्रधानमंत्री को यूक्रेन संघर्ष और चल रही शांति पहलों के बारे में जानकारी दी थी.







