नई दिल्ली। भारत और रूस की दोस्ती और व्यापारिक साझेदारी बहुत मजबूत है। दोनों देशों के बीच तेल से लेकर कई अहम प्रोडक्ट्स का आयात-निर्यात होता है। रूस भारत के साथ औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए यहां विमान समेत जटिल उत्पादों के प्रोड्यूस को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देना चाहता है। रूस के व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव ने बीते दिनों मॉस्को में एक औद्योगिक बैठक के दौरान यह जानकारी दी कि इस साझेदारी के लिए लिए वह भारत को ऐसी तकनीकें देने पर भी विचार कर रहा है, जिन्हें वह आमतौर पर दूसरे देशों के साथ साझा नहीं करता है।
रूस तैयार कर रहा प्रपोजल
मीडिया में छपी जानकारी के मुताबिक अलीखानोव ने कहा कि रूस इस संबंध में एक प्रपोजल तैयार कर रहा है। इसका उद्देश्य भारत को तकनीकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने और नई तकनीकों की जानकारी हासिल करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को इस तरह तैयार किया जा रहा है, जिससे भारत को तकनीकी संप्रभुता (Technological sovereignty) और एक्सपर्टिज हासिल करने में मदद मिले।
मामले से जानकार लोगों के मुताबिक, रूस भारत में विमान निर्माण को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसमें जटिल उत्पादों के निर्माण का विस्तार करने और उनसे जुड़ी तकनीक भारत को हस्तांतरित करने की संभावनाएं भी शामिल हैं।
सितंबर में भारत आए थे रूसी मंत्री
अलीखानोव सितंबर में भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने INNOPROM के भारतीय संस्करण में हिस्सा लिया और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच भारत से रूस को निर्यात बढ़ाने, इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट को विकसित करने और भारत-यूरेशियन आर्थिक संघ (EAEU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की प्रक्रिया तेज करने पर चर्चा हुई थी।
रूस का नया प्रस्ताव दोनों देशों के बीच औद्योगिक सहयोग को अगले स्तर पर ले जाने की कोशिश है। इसके तहत केवल तैयार उत्पादों के व्यापार के बजाय भारत में ही जटिल उत्पादों का निर्माण और तकनीकी विशेषज्ञता विकसित करने पर जोर दिया जा सकता है। इससे भारत को घरेलू विनिर्माण क्षमता और तकनीकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।







