नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले एक बड़े खिलाड़ी ट्रेड की खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब किंग्स (PBKS) मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने की तैयारी कर रही है. इस ट्रेड के बदले मुंबई इंडियंस को भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद मिल सकते हैं.
दोनों टीमों के बीच लगभग तय हुई डील
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बड़े अधिकारियों के बीच इस ट्रेड को लेकर सहमति लगभग बन चुकी है. अब आईपीएल अधिकारियों की ओर से जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने का इंतजार है. उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंत तक इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है.
पंजाब को क्यों चाहिए हार्दिक पांड्या?
पंजाब किंग्स अपनी टीम में एक अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर को शामिल करना चाहती है. हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. ऐसे में वह टीम के लिए काफी अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं.
हार्दिक के आने से पंजाब को मिडिल ऑर्डर में मजबूती मिलेगी. साथ ही टीम को एक ऐसा खिलाड़ी मिलेगा, जो जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी भी संभाल सकता है.







